शुक्रवार 13 नवंबर 2026 - 09:42
गज़्ज़ा के नासिर अस्पताल पर इजरायली हमला खुला युद्ध अपराध है।हमास

हौज़ा / फिलिस्तीनी आंदोलन हमास के प्रवक्ता ने गाजा के नासिर अस्पताल पर इजरायल के हवाई हमले को युद्ध अपराध और आतंकवाद की एक अभूतपूर्व कार्रवाई करार देते हुए इन अपराधों के लगातार जारी रहने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को जिम्मेदार ठहराया है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , हमास के प्रवक्ता हाज़िम क़ासिम ने कहा कि दक्षिणी गाजा पट्टी के खान यूनिस शहर में स्थित नासिर अस्पताल पर इजरायली हवाई हमला तथा मरीजों और चिकित्सा कर्मचारियों की हत्या एक खुला युद्ध अपराध और आतंकवाद की अभूतपूर्व कार्रवाई है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इजरायल के अपराधों का लगातार जारी रहना, सभी रेड लाइनों को पार करना और अस्पतालों को निशाना बनाकर मानवीय सिद्धांतों एवं अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करना इस बात का परिणाम है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इजरायली नेताओं को न्याय के कटघरे में खड़ा करने और उन्हें जवाबदेह ठहराने में विफल रहा है।

हाज़िम क़ासिम ने गाज़ा में तथाकथित शांति परिषद और उसके प्रमुख निकोलाय म्लादेनोव को भी इजरायल के अपराधों पर चुप्पी साधने और तेल अवीव को ऐसी कार्रवाइयों से रोकने में पूरी तरह नाकाम रहने के लिए जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने शांति परिषद में शामिल अरब और इस्लामी देशों से मांग की कि वे इस मामले में गंभीर और स्पष्ट रुख अपनाएं, ताकि इजरायल इन देशों की परिषद में भागीदारी को अपने अपराधों को जारी रखने के लिए ढाल के रूप में इस्तेमाल न कर सके।

हमास के प्रवक्ता ने आगे कहा कि इजरायल मध्यस्थों, गारंटर देशों और अमेरिकी सरकार के प्रयासों को कोई महत्व नहीं देता और किसी भी तरह की जवाबदेही या कार्रवाई के डर के बिना अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए है।

उल्लेखनीय है कि दक्षिणी गाजा पट्टी के खान यूनिस शहर में स्थित नासिर अस्पताल पर इजरायली हवाई हमले में छह फिलिस्तीनी शहीद हो गए, जबकि कम से कम 52 अन्य घायल हुए।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha